ध्वजारोहण के साथ गूंजा ‘भारत माता की जय’ — इंडियन कौंसिल आफ प्रेस की छत्तीसगढ़ राज्य शाखा कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस का भव्य आयोजन

रायपुर, 15 अगस्त।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इंडियन कौंसिल ऑफ़ प्रेस (आई.सी.ओ.पी.) की छत्तीसगढ़ राज्य शाखा कार्यालय में 79 वाँ स्वतंत्रता दिवस ध्वजारोहण समारोह देशभक्ति और उत्साह के माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सफायर ग्रीन के सबसे वरिष्ठ नागरिक एवं प्रदेश शासन के सेवानिवृत्त सचिव श्री आर पी खरे द्वारा ध्वजारोहण किया गया।

वरिष्ठ नागरिक ने देखी थी 1947 की आज़ादी की सुबह
92 वर्षीय श्री खरे ने ध्वजारोहण के बाद कहा,” जब भारत स्वतंत्र हुआ, तब मैं मात्र 14 वर्ष का था। वह सुबह आज भी मेरी आंखों में बसी हुई है… चारों ओर तिरंगे की लहर, लोगों के चेहरों पर असीम खुशी और एक-दूसरे को गले लगाते गर्व से भरे देशवासी। हमने संकल्प लिया था कि देश को हर अन्याय और बंधन से मुक्त रखेंगे। आज मैं चाहता हूं कि नई पीढ़ी उस आज़ादी की कीमत को समझे।”
इस अवसर पर कौंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री एस.एन. विश्वकर्मा ने राष्ट्र और कौंसिल के सदस्यों के लिए विशेष संदेश भेजा। जिसमें उन्होंने कहा था “आज़ादी केवल एक तिथि नहीं, बल्कि हमारी जिम्मेदारी का स्मरण है। पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता, दोनों ही समाज की आंख, कान और आवाज़ हैं। हमें सिर्फ़ समस्याओं को उजागर नहीं करना है, बल्कि उनके समाधान के लिए भी खड़े होना है। जब कलम ईमानदार हो और इरादा नेक हो, तो बदलाव रुकता नहीं… बढ़ता है। इंडियन काउंसिल ऑफ़ प्रेस का उद्देश्य यही है — सच्चाई, न्याय और समाजसेवा को एक साथ लेकर चलना।”
कौंसिल के प्रदेश अध्यक्ष राजीव खरे ने अपने संबोधन में कहा, “पत्रकारिता और समाजसेवा, दोनों मिलकर समाज को न्याय और सच्चाई की राह दिखाते हैं। इंडियन कौंसिल ऑफ प्रेस वही मंच है, जो पीड़ितों की आवाज़ को सही मंच तक पहुंचाकर न्याय दिलाता है। जैसे परिवार का मुखिया घर को सुरक्षित रखता है, वैसे ही हम सब मिलकर अपने समाज और देश को सुरक्षित रख सकते हैं — अगर हम एकजुट हों।”
कौंसिल की छत्तीसगढ़ महिला शाखा की सचिव श्रीमती पूर्णिमा खरे ने कहा, “राष्ट्र की प्रगति में महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण सबसे अहम है। जब महिलाएं आत्मनिर्भर बनती हैं, तो न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा समाज मजबूत होता है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हर महिला को रोज़गार, व्यवसाय और वित्तीय शिक्षा के पर्याप्त अवसर मिले।”

समारोह में राज्य शाखा के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। राष्ट्रगान, देशभक्ति गीतों और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम में कौंसिल की महिला सदस्यों श्रीमती पूर्णिमा खरे, ललिता साहू, कमलेश्वरी धीवर, नीलम निषाद, ललिता लहरी , सानिया खान, हिना देवांगन, रेणुका नायक, मनीषा साहू द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में राज्य शाखा के सदस्य कुलदीप साहू की उल्लेखनीय भूमिका रही। कार्यक्रम में महिला सदस्य सुमन साहू की दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। उल्लेखनीय है कि श्रीमती सुमन साहू, आवारा पशु से दुपहिया वाहन के टकरा ने से एक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। सभी सदस्यों ने सड़क पर आवारा पशुओं के ख़िलाफ़ एक मुहिम चलाने का संकल्प लिया गया जिनके कारण दुर्घटना में हर साल हज़ारों लोगों की मृत्यु हो जाती है।
कार्यक्रम का समापन देश की एकता, अखंडता और प्रगति के संकल्प के साथ हुआ।
( राजीव खरे चीफ एडिटर)


