PDS घोटाला: 7,891 टन चावल का स्टॉक गायब, 894 दुकानों में अनियमितता उजागर
रायपुर,
छत्तीसगढ़ की सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) में बड़ा घोटाला सामने आया है। 31 मार्च 2024 की स्थिति के अनुसार हुई भौतिक जांच (Physical Verification) में राज्य की 13,779 उचित मूल्य दुकानों में से 894 दुकानों में चौंकाने वाली अनियमितताएं मिली हैं। जांच में पाया गया कि इन दुकानों में कुल 7,891.73 टन चावल का स्टॉक गायब है।
खाद्य विभाग ने इस मामले को गंभीर मानते हुए तुरंत कार्रवाई की है। विभाग ने 101 दुकानों का आबंटन निलंबित कर दिया, 72 दुकानों का आबंटन निरस्त कर दिया और 19 दुकानों के संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। इसके साथ ही 194 दुकानों से वसूली के लिए रिकवरी रिक्विज़िशन (RRC) जारी किया गया है।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है। आगे भी इस तरह के निरीक्षण नियमित रूप से किए जाएंगे ताकि खाद्यान्न की हेराफेरी पर रोक लगाई जा सके।
स्थानीय स्तर पर यह मामला न केवल प्रशासनिक हलकों में बल्कि आम जनता के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है। गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए जारी होने वाले चावल के इस बड़े पैमाने पर गायब होने से सरकार की वितरण व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
( राजीव खरे ब्यूरो चीफ छत्तीसगढ)

