सुशासन दिवस के अवसर पर सुधा सोसाइटी फाउंडेशन द्वारा इम्पीरिया सफायर ग्रीन सोसाइटी, विधानसभा रोड, रायपुर के सहयोग से 19 से 25 दिसंबर 2025 तक आयोजित स्वच्छता सप्ताह का सफल और प्रेरणादायी समापन हुआ। यह आयोजन न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूकता का माध्यम बना, बल्कि समुदाय में सुशासन, सहभागिता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करने वाला रहा।
इस सप्ताह भर चले अभियान में सोसाइटी के बच्चों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने निवासियों के साथ-साथ कार वॉशर्स, प्रेस वाले, दूध विक्रेता, घरेलू सहायक, इलेक्ट्रीशियन और पेपर वेंडर्स से संपर्क कर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में सहयोग की अपील की। सम्मान और प्रोत्साहन के प्रतीक के रूप में गुलाब के फूल भेंट किए गए, जिससे आपसी सहयोग और सकारात्मक सहभागिता को बल मिला।
स्वच्छता सप्ताह के अंतर्गत बच्चों के लिए स्वच्छता विषय पर स्लोगन एवं पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट चार प्रविष्टियों को पुरस्कृत किया गया।
विजेताओं में शामिल रहे—
मिस पलक शर्मा
मास्टर केशव अग्रवाल
मिस दृष्टि अग्रवाल
मास्टर प्राणित गोयल
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों कौशल चौधरी, मुकेश अग्रवाल, आर.के. तिवारी और पवन बजरिया की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
इस अभियान का नेतृत्व जी.के. भटनागर, चेयरमैन, सुधा सोसाइटी फाउंडेशन ने किया। उन्हें महेंद्र बापना (प्रेसिडेंट, एम्पेरिया सफायर ग्रीन), हरित गोयल (सचिव), तथा सोसाइटी के सक्रिय निवासियों—जी.एस. जॉली, डॉ. समिधा गुप्ता, सुजीत तुलसियान, प्रशांत नायक, सुमित उपाध्याय, रीमा आचार्य और जे.पी. सिंह—का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।
सुशासन दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जी.के. भटनागर ने कहा कि सुशासन केवल नीतियों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छता, अनुशासन, पारदर्शिता और नागरिक सहभागिता से ही इसकी वास्तविक भावना साकार होती है। स्वच्छ समाज ही अच्छे शासन की मजबूत नींव होता है।
समुदाय के सदस्यों ने इस पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए सुधा सोसाइटी फाउंडेशन की सामाजिक प्रतिबद्धता को सराहा। कार्यक्रम के अंत में सभी निवासियों से सोसाइटी की स्वच्छता, हरियाली और सौंदर्य को निरंतर बनाए रखने की अपील की गई।
( रायपुर ब्यूरो)

