नारायणपुर पुलिस ने गुम इंसान प्रकरण का किया खुलासा, युवती की हत्या कर दफनाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
नारायणपुर
नारायणपुर जिला पुलिस ने थाना बेनूर क्षेत्र में दर्ज गुम इंसान प्रकरण का सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है।
मामले का खुलासा
दिनांक 20 नवंबर 2024 को ग्राम उड़ीदगांव की निवासी श्रीमती मस्सी बाई सलाम ने थाना बेनूर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 27 वर्षीय पुत्री दिनांक 12 फरवरी 2024 को गांव में आयोजित विवाह समारोह के बाद से लापता है। इस पर पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 08/2024 दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान साइबर सेल की मदद से संदेही नरशु वड्डे को सिद्दीपेट (तेलंगाना) से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि 15 फरवरी 2024 की रात विवाह उपरांत कार्यक्रम के दौरान शराब सेवन के बाद उसने युवती को संबंध बनाने का दबाव डाला। मना करने पर गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को पहले पड़ोसी के पैरा में छिपाया और अगले दिन साथी धनीराम वड्डे की मदद से नाले में गड्ढा खोदकर दफनाया।
शव बरामदगी
आरोपियों की निशानदेही पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, वैज्ञानिक अधिकारी एवं मेडिकल टीम की उपस्थिति में शव का उत्खनन कराया गया। घटनास्थल से मानव कंकाल के साथ लाल रंग की साड़ी, स्वेटर, ब्लाउज, चूड़ी और धागा बरामद हुए, जिन्हें परिजनों ने पहचान लिया। मिट्टी के नमूने भी एफएसएल जांच के लिए संकलित किए गए।
गिरफ्तार आरोपी

1. नरशु वड्डे पिता दसमु वड्डे, जाति गोंड, उम्र 21 वर्ष, निवासी उड़ीदगांव केरापदरपारा, थाना बेनूर, जिला नारायणपुर।
2. धनीराम वड्डे पिता लखूराम वड्डे, जाति गोंड, उम्र 21 वर्ष, निवासी उड़ीदगांव केरापदरपारा, थाना बेनूर, जिला नारायणपुर।
दोनों आरोपियों को 24 अगस्त 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की सराहनीय कार्रवाई
नारायणपुर पुलिस की त्वरित जांच, वैज्ञानिक साक्ष्य, गवाहों के बयान और साइबर सेल के अहम योगदान से इस गुम इंसान प्रकरण का सफलतापूर्वक खुलासा हुआ है।
( गणेश वैष्णव संभागीय ब्यूरो बस्तर)

