नारायणपुर पुलिस को नक्सल अभियान में बड़ी सफलता – हथियार एवं विस्फोटक बरामद, माओवादी मड्डा कुहडाम गिरफ्तार
नारायणपुर, 24 अगस्त 2025।
नारायणपुर जिले की पुलिस ने नक्सल अभियान के तहत महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। डीआरजी और आईटीबीपी के संयुक्त बल ने ग्राम दुर्गीन-मरकाबेड़ा के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में की गई सर्चिंग एवं एरिया डोमिनेशन कार्रवाई (CASO) के दौरान हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की। इसी दौरान सक्रिय माओवादी संगठन का सदस्य मड्डा कुहडाम पिता लखमु कुहडाम निवासी ईदवाया, वर्तमान पता भटबेड़ा को गिरफ्तार किया गया, जिसे विधिवत जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 22 अगस्त को पुलिस अधीक्षक नारायणपुर श्री रोबिनसन गुड़िया के आदेश पर तथा आईटीबीपी 38वीं वाहिनी के सेनानी श्री रोशन सिंह ओसवाल के मार्गदर्शन में डीआरजी और आईटीबीपी की संयुक्त टीम ने ओरछा थाना क्षेत्र के दुर्गीन, मरकाबेड़ा और आसपास के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अभियान चलाया। गश्त के दौरान सुरक्षाबल ने एक संदिग्ध व्यक्ति को देखकर घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम मड्डा कुहडाम बताया।
आरोपी ने स्वीकार किया कि वह वर्ष 2019 से अप्रैल 2025 तक प्रतिबंधित माओवादी संगठन में सक्रिय था और भटबेड़ा मिलिशिया कमांडर के रूप में कार्य करता था। उसने यह भी खुलासा किया कि नक्सली कमांडरों दीपक, रामदास, सगनू और राकेश के निर्देश पर वह भटबेड़ा जनताना सरकार का कमांडर रह चुका है। उसका मुख्य काम पुलिस की गतिविधियों पर नज़र रखना, आने-जाने वाले मार्गों की रेकी करना और आईईडी लगाने के लिए स्थान चिन्हित करना था। आरोपी ने पूर्व में भी आईईडी लगाने की घटनाओं में सहयोग करने की बात स्वीकारी। पूछताछ में उसने यह भी बताया कि वह अपने साथियों के साथ सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की तैयारी में था और हथियार-पटाखे जंगल में छिपाकर रखे थे।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 191(3), 190 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध क्रमांक 10/2025 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
बरामद हथियार और विस्फोटक सामग्री
एक नग बी.जी.एल. (लकड़ी का फोरहेण्ड गार्ड लगा व सिलिंग सहित)
पाँच नग बी.जी.एल. सेल और पाँच नग बी.जी.एल. गोली
बारह बोर बंदूक एक नग एवं बारह बोर की गोली छह नग
भरमार बंदूक एक नग
डेटोनेटर एक नग (सफेद वायर सहित)
प्लास्टिक डिब्बा (करीब 100 ग्राम बारूद भरा हुआ)
दो नग पोच
( गणेश वैष्णव संभागीय ब्यूरो बस्तर)

