समाधान दिवस बंद होने से नगरवासियों में रोष, शीघ्र बहाली की मांग•
गोसाईंगंज (अयोध्या)। नगर पंचायत गोसाईंगंज में लंबे समय से आयोजित होने वाला साप्ताहिक समाधान दिवस बंद कर दिया गया है। इस कारण स्थानीय नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पहले समाधान दिवस पर नागरिक सीधे प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर अपनी शिकायतें दर्ज कराते थे और उनका तत्काल निस्तारण होता था। लेकिन वर्तमान में उपजिलाधिकारी सीमा राय के कार्यभार संभालने के बाद यह प्रक्रिया स्थगित कर दी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समाधान दिवस बंद होने से उन्हें अपनी समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे समय और संसाधनों की बर्बादी हो रही है।
सूत्रों के अनुसार, वर्तमान में अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण अन्य प्रशासनिक कार्यों में भी देरी हो रही है। जब इस बाबत उपजिलाधिकारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पूर्व जिलाधिकारी के निर्देश पर समाधान दिवस आयोजित होता था, किंतु वर्तमान जिलाधिकारी की ओर से इस विषय में कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ है।
इस बीच, इंडियन काउंसिल प्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री एस.एन. विश्वकर्मा ने नगरवासियों की बढ़ती परेशानियों पर रोष प्रकट करते हुए कहा कि यदि व्यवस्था सुधारने में प्रशासन और सरकार नाकाम रहती है, तो इंडियन काउंसिल की ओर से एक व्यापक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस मुद्दे पर सभी राज्यों के अध्यक्षों और कार्यकारिणी से तत्काल कार्रवाई करने और विरोध-प्रदर्शन के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
नगरवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि समाधान दिवस की प्रक्रिया को तत्काल बहाल किया जाए। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
( राजीव खरे चीफ एडीटर)

